0 जेन जी युवाओं की प्रतिक्रिया से डरी हुई भाजपा अब सरकारी कर्मचारियों से दबाव पूर्वक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर काम कराना चाहती है
रायपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों को एक्टिव होने के सरकारी निर्देश पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा ने यह लिया है कि उनका मीडिया विभाग और आईटी सेल के पैड वर्करों के माध्यम से झूठ और भ्रम फैलाने वाला सिस्टम पूरी तरह से फेल हो गया है, जेन जी युवाओं ने बीजेपी के पीआर की हवा निकाल दी है, सोशल मीडिया पर आम जनता की आ रही प्रतिक्रिया से डरी हुई भाजपा अब सरकारी कर्मचारियों से दबाव पूर्वक पार्टी कार्यकर्ता का काम कराना चाहती है, भाजपा के पास लोगों के सवालों का जवाब नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग भाजपा अपने संगठन की छवि चमकाने के लिए कर रही है। प्रदेश के सभी सचिव और कलेक्टरों के लिए डेल्टा मार्किंग प्रणाली तय करना, विभागीय अधिकारियों की रैंकिंग के लिए सोशल मीडिया प्रिंट मीडिया, इंस्टाग्राम की निगरानी और स्कोरिंग को ट्रांसफर प्रमोशन का आधार बनाना स्पष्ट करता है कि संगठन के तौर पर भाजपा लाचार हो चुकी है और अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए सरकारी कर्मचारियों का भयादोहन करने पर उतारू है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा सरकार जन अपेक्षाओं पर पूरी तरह से विफल हो चुकी है, जनता का विश्वास भाजपा नेताओं से उठ गया है। जिस तरह से जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थानों को भाजपा अपने मोर्चा संगठन के तौर पर दुरुपयोग करती है, कर्मचारी अधिकारियों के लिए जारी यह नया फरमान उसी का एक्सटेंशन है। युवाओं के बीच अपनी गिरती साख को बचाने के लिए अब यह सरकार कर्मचारियों के लिए गूगल फार्म तैयार कर ट्रैकिंग सिस्टम की बाध्यता थोप रही है। अब प्रदेश के सरकारी कर्मचारी जनता का काम छोड़कर सोशल मीडिया में भाजपा के कुशासन पर सफाई देने, पर्देदारी करने के लिए बाध्य होंगे।