रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। कचना के बाजार चौक स्थित शिव ज्वेलर्स में देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला काटकर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि चोर कटर मशीन लेकर दुकान पहुंचे थे। उन्होंने पहले शटर और ताले को काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद शोकेस और अन्य स्थानों पर रखे कीमती आभूषणों को समेटकर मौके से निकल गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोर करीब 10 से 15 किलो चांदी के जेवर के साथ सोने के आभूषण भी ले गए हैं। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक मात्रा और कुल कीमत का अभी आकलन किया जा रहा है।
सुबह सामने आया मामला
दुकान खोलने पहुंचे लोगों को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खम्हारडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।