रायगढ़। जिले के गेरवानी स्थित शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी 19 वर्षीय विवेक कुमार यादव को बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद अपने गृह राज्य भागकर छिप गया था। मामले में शामिल दूसरे आरोपी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 17 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। गेरवानी शराब दुकान में तैनात सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल (43) दुकान बंद होने के बाद ड्यूटी पर था। इस दौरान दुकान के सामने पहुंचे कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया।

बताया गया कि देर रात शराब दुकान पहुंचने को लेकर गार्ड ने युवकों को डांट दिया था। इससे नाराज होकर आरोपी कुछ देर बाद वहां से चले गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का साथी रोशन ठाकुर इस बात से काफी नाराज था। इसके बाद विवेक यादव कथित तौर पर बदला लेने के इरादे से पिस्टल लेकर शराब दुकान पहुंचा और गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए उस पर फायरिंग कर दी।
गोली गार्ड के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह जान बचाकर वह शराब दुकान परिसर के पीछे पहुंचा और साथियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया।
मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी घटना के बाद बिहार के जमुई जिले में अपने घर फरार हो गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन और उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची। पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपी ने खेतों के रास्ते भागने की कोशिश की, लेकिन करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ हुए विवाद और सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने की बात स्वीकार की है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रायगढ़ के गेरवानी स्थित एक स्टील प्लांट में मजदूरी करता था और कथित तौर पर बिहार से करीब 30 हजार रुपए में पिस्टल खरीदी थी। उसका कहना है कि प्लांट के एक फोरमैन से विवाद के बाद उसे डराने के उद्देश्य से हथियार खरीदा था।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, जबकि फरार आरोपी रोशन ठाकुर की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।