करपावंड पुलिस ने चलाया साइबर सुरक्षा अभियान

0 स्कूली बच्चों को साइबर फ्रॉड से किया अलर्ट 

बकावंड। बस्तर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत करपावंड थाने की टीम ने मंगनार स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता पाठशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में बच्चों को साइबर ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, नशे से दूर रहने और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।
बस्तर पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा के निर्देश पर एसडीओपी प्रवीण भारती के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी करपावंड दिलबाग सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सहायक उप निरीक्षक टिंगाली कश्यप ने बच्चों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठग बैंक मैनेजर, कस्टमर केयर अधिकारी या रिश्तेदार बनकर फोन कर सकते हैं। लॉटरी लगने, इनाम जीतने अथवा बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर ठग ओटीपी , यूपीआई पिन, आधार सहित अन्य गोपनीय जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।एएसआई श्री कश्यप ने विद्यार्थियों से कहा कि अनजान कॉल पर अपनी निजी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति पैसे भेजने का दबाव बनाए या साइबर ठगी का प्रयास करे तो तत्काल माता-पिता, शिक्षक या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें। पुलिस ने बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी देते हुए कहा कि अपनी फोटो, लोकेशन और स्कूल से जुड़ी निजी जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा न करें। अनजान सोशल मीडिया आईडी से दोस्ती करने से भी बचने की सलाह दी गई। बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए कहा गया कि नशे की शुरुआत अक्सर बुरी संगत से होती है। इसलिए नशे और गलत संगति से हमेशा दूर रहें। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने ट्रिपल राइडिंग से बचने तथा बाइक चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई।