सहकारी आंदोलन को गति देने राज्य सहकारी संघ का बस्तर प्रवास, बोले- ‘मैं से हम की यात्रा है सहकारिता’

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को और गति देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के प्रतिनिधिमंडल का बस्तर प्रवास जारी है। इसी क्रम में 17 अगस्त को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभागृह में बस्तर जिले के सहकारी नेतृत्व के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता को मजबूत करने, सहकारी संस्थाओं को सक्रिय बनाने और गांव, गरीब एवं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के विषय पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में सहकार भारती के प्रदेश संगठन मंत्री एवं संघ के प्राधिकृत अधिकारी सौरभ शर्मा, संघ की मानसेवी सदस्य कनीराम तथा सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मध्य क्षेत्र प्रमुख दिलीप पाटिल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। प्रतिनिधिमंडल 17 से 20 अगस्त 2026 तक बस्तर प्रवास पर है।

बैठक को संबोधित करते हुए सौरभ शर्मा ने कहा कि “सहकारिता कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। सहकारिता मैं से हम की यात्रा है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सहकार से समृद्धि’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी सहकारी संस्थाओं और समितियों को मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

कनीराम ने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर में अब गांव, गरीब और किसान को आत्मनिर्भर बनाने में सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री दिलीप पाटिल ने सहकारिता को रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को सहकारी गतिविधियों से जोड़ने की पहल की।

बैठक में बस्तर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने सहकारी आंदोलन में संघ और समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सहकारी नेतृत्व से संस्थाओं के प्रत्येक सदस्य तक संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने सहकारवाद को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। वहीं जिला सहकारी संघ के प्राधिकृत अधिकारी वेदांत दीक्षित ने सहकारी संस्थाओं के विकास को लेकर अपने विचार रखे।

बैठक में रंजीत पांडे, मनोहर तिवारी, परेश बसेरा सहित विभिन्न विकासखंडों से आए लैम्प्स एवं सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और सहकारी नेतृत्व मौजूद रहा।

प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर प्रवास के दौरान संभागीय कार्यालय सहित विभिन्न सहकारी समितियों का भी दौरा किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल दक्षिण बस्तर के प्रवास के लिए रवाना हुआ।