भक्तिमय वातावरण में निकली पावन पंचकोसी यात्रा विधायक इंद्र कुमार साहू ने सपरिवार लगाई हाजिरी

रायपुर/अभनपुर। क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला, जब माननीय विधायक इंद्र कुमार साहू ने सपरिवार स्वयंभू श्री सारखेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर पावन पंचकोसी यात्रा का भव्य शुभारंभ किया।


“बोल बम” और “हर हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों के साथ हजारों श्रद्धालु इस यात्रा में उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए। पंचकोसी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के प्रसिद्ध और प्राचीन पांच प्रमुख शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। ​प्रथम पड़ाव ग्राम सारखी स्थित श्री सारखेश्वरनाथ महादेव मंदिर रहा। ​दूसरा पड़ाव पटेवा स्थित श्री पटेश्वर महादेव मंदिर, तीसरा एवं चौथा पड़ाव पावन त्रिवेणी संगम स्थित प्रभु श्री कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर तथा चंपेश्वर महादेव मंदिर रहे। अंतिम पड़ाव और समापन ग्राम छटेरा स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन-पूजन के साथ इस पवित्र पंचकोसी यात्रा का आध्यात्मिक समापन हुआ। इस अवसर पर विधायक इंद्र कुमार साहू ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना का संचार होता है। महादेव की असीम कृपा क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं पर सदैव बनी रहे।