जनगणना में जमीनी सक्रियता, चार्ज अधिकारी जॉली जेम्स ने ऑड़ावाल पहुंचकर बढ़ाया प्रगणकों का हौसला


जगदलपुर। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में बस्तर तहसील क्षेत्र में तेजी आई है। चार्ज अधिकारी जॉली जेम्स ने ग्राम पंचायत ऑड़ावाल का दौरा कर मैदानी हालात का जायजा लिया।
उन्होंने गणना क्षेत्रों में जाकर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से सीधा संवाद किया और कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। श्रीमती जेम्स ने प्रगणकों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी जिम्मेदारी और सजगता से काम करने को कहा। निरीक्षण के दौरान प्रगणकों ने फील्ड की व्यावहारिक समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित निराकरण के लिए चार्ज अधिकारी ने मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नजरी नक्शा तैयार करने के मापदंड विस्तार से समझाए और कहा कि सटीक नक्शा ही जनगणना की गुणवत्ता की नींव है। श्रीमती जेम्स ने पंचायत सचिव, ग्राम कोटवार और पटेलों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय बोली और भूगोल की जानकारी रखने वाले ये सहयोगी प्रगणकों के लिए सेतु का काम करेंगे।
इस दौरान सुपरवाइजर शैलेंद्र कुमार तिवारी, प्रगणक टीकेंद्र राम, सचिव रूप सिंह बघेल एवं ग्राम कोटवार मौजूद रहे। चार्ज अधिकारी के फील्ड दौरे और प्रेरणादायी नेतृत्व से प्रगणकों में नया जोश दिख रहा है। इससे बस्तर तहसील में जनगणना कार्य व्यवस्थित और समर्पित तरीके से पूरा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *