० असम में ऐतिहासिक तीसरी बार एनडीए सरकार, लोकप्रिय मुख्यमंत्री के खिलाफ षड्यंत्र करने वालों को जनता ने दिया जवाब : डिप्टी सीएम अरुण साव
० तमिलनाडु में सनातन को गाली देने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज पश्चिम बंगाल में और असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनने के रुझान पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि, स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि पश्चिम बंगाल की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। पश्चिम बंगाल में स्पष्ट रूप से कमल खिल रहा है। हमारे नेताओं ने कहा था कि टीएमसी को टाटा बाय बाय करेगी, पश्चिम बंगाल की जनता ने खेला कर दिया है। टीएमसी को टाटा बाय बाय कर दिया है।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, पश्चिम बंगाल की जनता के साथ जिन्होंने अत्याचार, अनाचार किया, माताएं और बहनों का अपमान किया, उसको सबक सिखाया है। पश्चिम बंगाल की जनता ने सनातन को अपमानित करने वालों को सबक सिखाया है और आज पांच राज्य की जनता बीजेपी, नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व के साथ खड़ी है। यह अब तक के रुझानों से स्पष्ट होता है।
श्री साव ने कहा कि, असम में इतिहास बना है। लगातार तीसरी बार कांग्रेस के सारे हथकंडे के बावजूद हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा जी को व्यक्तिगत रूप से बदनाम करने का षड्यंत्र किया। उन सारे षड्यंत्रों को असम की जनता ने धता बताया और इतिहास बनाते हुए लगातार तीसरी बार असम में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
वहीं पुडुचेरी में भी एनडीए की सरकार बनने जा रही है। तमिलनाडु में भी सनातन को गाली देने वाले, सनातन को अपमानित करने वालों को तमिलनाडु की जनता ने करारा जवाब दिया है। अब तक रुझानों में पश्चिम बंगाल में भाजपा और तीन राज्यों में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। यह हमारे कार्यकर्ताओं के मेहनत, त्याग और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।