0 अवैध शराब बिक्री पर पुलिस ने कसी नकेल
0 संजय सिंह का आमरण अनशन हुआ समाप्त
दल्ली राजहरा। नगर के विभिन्न वार्डों में खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने तथा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मजदूर नेता संजय सिंह द्वारा दिनांक 27 जुलाई से इंटक कार्यालय के सामने किया जा रहा आमरण अनशन ने बड़ा असर दिखाया है। पुलिस ने अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है।
अनशन पर बैठे मजदूर नेता संजय सिंह की प्रमुख मांगों में दल्ली राजहरा नगर के विभिन्न वार्डों में चल रहे अवैध शराब के कारोबार को पूर्णतः बंद कराने तथा अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांगें शामिल थीं। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 4 के अमित कुमार द्वारा खुलेआम बार जैसी स्थिति में शराब का विक्रय किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी। आमरण अनशन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर के विभिन्न वार्डों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में नगर में अवैध शराब की बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में अमित कुमार के विरुद्ध बीएनएस की धारा 129 (पूर्व आईपीसी धारा 110) के तहत कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है, जिसके बाद उसे निगरानीशुदा बदमाश की श्रेणी में रखा गया है। इस कार्रवाई में डौंडी तहसीलदार देवेंद्र कुमार नेताम, सीएसपी वीके पटले, नगर निरीक्षक अविनाश सिंह एवं सब इंस्पेक्टर श्री पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांग्रेस नेताओं ने पिलाया जूस
पुलिस द्वारा अवैध शराब की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाए जाने तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध निगरानी संबंधी कार्रवाई किए जाने के आश्वासन के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रतिराम कोसमा, इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष अभय सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रवि जायसवाल, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, गौरीशंकर सिंह एवं रामलाल यादव ने संजय सिंह को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया।आमरण अनशन की इस सफलता से संजय सिंह के साथियों एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है। विशेष कर वार्ड क्रमांक 4 के युवाओं एवं महिलाओं में इस कार्रवाई को लेकर प्रसन्नता देखी जा रही है। नगरवासी संजय सिंह से मिलकर उन्हें इस संघर्ष की सफलता के लिए बधाई दे रहे हैं।
जनहित में जारी रहेगा संघर्ष
यद्यपि संजय सिंह ने यह आमरण अनशन अकेले प्रारंभ किया था, लेकिन उनके समर्थन में शहरवासियों की लगातार उपस्थिति बनी रही। विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, श्रमिक संगठनों एवं विभिन्न यूनियनों से जुड़े लोगों के साथ साथ जन मुक्ति मोर्चा के द्वारा अनशन स्थल पर पहुंचकर उन्हें समर्थन दिया और उनका हौसला बढ़ाया। इस पूरे संघर्ष ने यह संदेश दिया है कि नगर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने से प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर किया जा सकता है। संजय सिंह ने कहा कि नगर की जनता के हित में उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाई जाती रहेगी।