
0 ईई धनंजय देवांगन के दावों की खुली पोल
0 पीएम जीएसवाय की सड़कें कीचड़ से भरीं
(अर्जुन झा)बकावंड। विकासखंड बकावंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की धज्जियां उड़ाई गईं हैं। सड़कों की हालत विभागीय दस्तावेजों में ऑल इस वेल है, मगर जमीन पर सब गुड़ गोबर है।पूरी की पूरी सड़कें कीचड़ से सराबोर हैं और राहगीर लथपथ हुए जा रहे हैं। विभागीय एग्जीक्यूटिव इंजीनियर दावा करते हैं कि सबकुछ ठीक ठाक है, सीर्फ बारिश की वजह से आसपास से कीचड़ आकर सड़क पर जमा हो गया है।
बकावंड ब्लॉक में बंगलाडोंगरी से कादोमाली मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हाल ही में बनाया गया है। अब यह सड़क कीचड़ के ढेर में तब्दील हो चुकी है। बहुत ज्यादा कीचड़ भरे होने के कारण यह सड़क चलने लायक नहीं रह गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को बारहमासी पक्की सड़कों से जोड़ने का दावा बकावंड ब्लॉक में पूरी तरह फेल साबित हो रहा है। लाखों-करोड़ों की लागत से बनी सड़कें पहली ही बारिश में भ्रष्टाचार और विभागीय लापरवाही की पोल खोलती नजर आ रही हैं। ताजा मामला ग्राम बंगलाडोंगरी से कादोमाली, मैलबेड़ा से चलानगुड़ा ओर पाथरी रोड से लाहंगा भैयागुड़ा से मुख्य मार्ग का है, जो इस समय पूरी तरह से दलदल में तब्दील हो चुका है। इस मार्ग पर ग्रामीणों का पैदल चलना भी जान जोखिम में डालने जैसा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गंभीर बदहाली के बाद भी विभाग के ईई धनंजय देवांगन लगातार जमीनी हकीकत को नकार रहे हैं। ईई श्री देवांगन का दावा है कि क्षेत्र की सभी नई सड़कें पूरी तरह दुरुस्त हैं और कहीं कोई समस्या नहीं है। लेकिन हकीकत अधिकारियों के इन दावों को सरेआम झुठला रही है। बंगलाडोंगरी- कादोमाली मार्ग तो सिर्फ एक बानगी है, ग्रामीणों के अनुसार बकावंड ब्लॉक के कम से कम 5 ऐसे प्रमुख मार्ग हैं जो इस समय पूरी तरह से चलने लायक नहीं बचे हैं। ईई धनंजय देवांगन द्वारा लगातार उच्च अधिकारियों को गुमराह करने और झूठ परोसने को लेकर क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। नीलम कश्यप, नरसिंग कश्यप, विजय बघेल, प्रकाश नेताम, महेश नेताम, बुधराम नेताम, सैतोराम नाग, भीम नेताम, निरंजन नेताम, उमर बघेल आदि ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे गैर-जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों ने बस्तर कलेक्टर से मांग की है कि बकावंड ब्लॉक की इन सभी 5 सड़कों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए।
बरसात से आया कीचड़
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनाई गईं सभी सड़कों की हालत दुरुस्त है। बरसात के कारण सड़कों के आसपास की मिट्टी आ जाने से कीचड़ का जमाव हो गया है। बारिश में ऎसी समस्या आती रहती है।
-धनंजय देवांगन,
ईई, पीएम जीएसवाय, बस्तर