0 जनपद सदस्य श्रीति शर्मा ने किया आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण
0 बच्चों के पोषण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
जगदलपुर। ग्राम पंचायत आड़ावाल हल्बा कचोरा के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का जनपद सदस्य तथा महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीति शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में उपस्थित बच्चों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनकी अनौपचारिक शिक्षा, गतिविधियों और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी बच्चों को पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा पढ़ाई के साथ-साथ प्रतिदिन खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया जाए, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।उन्होंने बीमार बच्चों के समय पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती माताओं को शासन की योजनाओं के तहत नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा सभी सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। श्रीमती शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का पूरी संवेदनशीलता एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करें, ताकि बच्चों, किशोरियों और माताओं को शासन की सभी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।