कुम्हारी टोल प्लाज़ा बंद होने का दावा झूठा निकला – वन्दना राजपूत

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वन्दना राजपूत ने कुम्हारी टोल प्लाजा में अवैध वसूली को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा रायपुर सांसद ने जून 2026 को कुम्हारी टोल प्लाज़ा को बंद होने का दावा किया था हर दावे की तरह यह दावा भी खोखला निकला. कुम्हारी टोल प्लाज़ा के बंद होने की ख़बर का ख़ूब प्रचार प्रसार किया गया था बकायदा मैं पोस्ट करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कुम्हारी टोल प्लाज़ा के बंद होने की घोषणा को लेकर प्रधानमंत्री एवं परिवहन मंत्री का आभार भी जताया गया था। अब तक तो जनता को झूठा आश्वासन देते थे लेकिन अब भाजपा के सांसद को भी ठगा गया है या कोई मिलीभगत है।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वन्दना राजपूत ने कहा कि भाजपा की राजनीति अब केवल घोषणाओं, सोशल मीडिया पोस्ट और श्रेय लेने तक सीमित रह गई है। जनता जानना चाहती है कि जब टोल प्लाजा आज भी चालू है और लोगों से टोल वसूला जा रहा है,केवल भविष्य की घोषणा कर जनता को भ्रमित करना और उसका राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करना भाजपा की पुरानी आदत बन चुकी है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि आखिर आज भी रोज़ाना हजारों लोगों से टोल टैक्स क्यों वसूला जा रहा है? यदि टोल प्लाजा की उपयोगिता समाप्त हो रही है, तो वसूली किस आधार पर जारी है? क्या सरकार इसकी स्पष्ट समय-सीमा और आधिकारिक आदेश सार्वजनिक करेगी?

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वन्दना राजपूत ने कहा कि भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि वर्षों तक कुम्हारी टोल प्लाजा पर लगे जाम, अतिरिक्त ईंधन की बर्बादी, व्यापारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को हुई परेशानी की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या सरकार जनता से माफी मांगेगी? उन्होंने कहा कि भाजपा हर अधूरे काम का श्रेय लेने में सबसे आगे रहती है, लेकिन जनता अब घोषणा नहीं, ज़मीन पर परिणाम देखना चाहती है। जब तक टोल प्लाजा पूरी तरह बंद नहीं हो जाता, तब तक भाजपा का प्रचार केवल राजनीतिक दिखावा माना जाएगा।
कांग्रेस ने मांग की कि सरकार टोल प्लाजा बंद करने की निश्चित तारीख, आधिकारिक आदेश और निर्माण कार्य की वास्तविक प्रगति सार्वजनिक करे। जनता को सोशल मीडिया के दावों से नहीं, सरकारी कार्रवाई से भरोसा मिलेगा। कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि जनता के पैसे से जनता को सुविधा मिलना सरकार का कर्तव्य है, कोई एहसान नहीं। भाजपा इसे उपलब्धि बताने के बजाय यह जवाब दे कि जिस राहत की बात आज कर रही है, उसे देने में इतने वर्ष क्यों लग गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *