० साय सरकार ने दिखा दिया अपना अमानवीय चेहरा : चंदन कश्यप
जगदलपुर। भरी बरसात में नकटी गांव के लोगों को बेदखल कर उनके मकान तोड़े जाने के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर भानपुरी के मुख्य चौराहे पर पूर्व विधायक चंदन कश्यप एंव ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। रायपुर से लगे ग्राम नकटी के 85 परिवारों के आशियानों को इस भीषण वर्षाकाल में उजाड़े जाने के विरोध में नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज बड़ा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया।

नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वर्षाकाल में 85 गरीब परिवारों के घरों को तोड़ना और उन्हें सिर छुपाने की जगह से महरूम कर बेघर कर देना भाजपा सरकार की दूषित, अमानवीय राजनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जो सरकार जनता को आशियाना नहीं दे सकती, उसे दूसरों का आशियाना उजाड़ने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। चंदन कश्यप ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इन पीड़ित ग्रामवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम ने आगे कहा इस अमानवीय कृत्य के विरोध में एकजुटता दिखाते हुए कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने भी कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री को कड़ा पत्र लिखा है। हमारे विधायकों ने साफ संदेश दिया है कि जब तक गरीबों को न्याय नहीं मिल जाता और उनके आशियाने वापस नहीं बन जाते, तब तक वे स्वयं विधायक आवास को स्वीकार नहीं करेंगे। कांग्रेस विधायकों ने साफ कहा है कि गरीबों का आशियाना उजाड़ कर, वे अपना आशियाना नहीं बनाएंगे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि भाजपा सरकार तत्काल ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था करे। यदि पीड़ितों को जल्द ही उचित न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को और उग्र करेगी। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष धनुर्जय नेताम, उपाध्यक्ष जितेंद्र जैन, निलय कश्यप, युवा कांग्रेस अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी, महामंत्री जीवन सेठिया, आदिवासी ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल, मर्दापाल ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम, जिला उपाध्यक्ष सुखराम पोयाम, श्यामसुंदर पांडेय वरिष्ठ कांग्रेसी, ब्लॉक उपाध्यक्ष अभिषेक बाजपेयी, वरुण सेठिया, पुनऊ कश्यप, वीरेंद्र पांडेय, महेंद्र पांडेय, बलराम कश्यप, जईत पटेल, जगत ठाकुर, मंगतू कश्यप, दुकारू कश्यप, दया बघेल, जेटू कोर्राम, भुनेश्वर कश्यप,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एंव कार्यकर्ता उपस्थित थे।