0 भाजपा सरकार अराजक और आतंकी बन गयी है
रायपुर। मंत्री केदार कश्यप के द्वारा नकटी के ग्रामीणों के मकान तोड़ने के समर्थन में ली गयी पत्रकार वार्ता भाजपा की बेशर्मी है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार ने नकटी में ग्रामीणों के मकानों को बरसात के मौसम में तोड़ने का महापाप किया है, गरीबों के आवास को उजाड़ने के बाद अपना पाप छुपाने के लिए भाजपा के नेता रोज पत्रकार वार्ता लेकर झूठ बोल रहे है। सरकार बताये कि उसने नकटी के ग्रामीणों के मकानों को क्यों तोड़ा? नया रायपुर में विधायक कॉलोनी बनाने के लिए पर्याप्त जगह होने के बाद किसके इशारे पर तथा किस मंत्री के निजी हितों को ध्यान में रखकर नकटी गांव में तोड़-फोड़ की गयी?
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में लोगों पर अत्याचार करके आम आदमी के मकानों को तोड़ कर अराजकता सरकार फैला रही और गरीबों की आवाज उठाने पर कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का बेशर्मीपूर्वक आरोप पर लगा रही है। भाजपाई मंत्री, कांग्रेस पर आरोप लगाकर अपने सरकार के अपराध को छुपा नहीं सकते। भाजपा झूठ बोल रहे कांग्रेस सरकार के समय नकटी में विधायक आवास बनाने की योजना स्वीकृत हुई थी। कांग्रेस सरकार में वहां पर विधायक आवास बनाने की प्रस्ताव आया था लेकिन कांग्रेस सरकार ने खारिज कर दिया था।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कल ही हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने पत्रकार वार्ता लेकर बताते है कि नकटी गांव में विधायक आवास बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। आज मंत्री कहते है कांग्रेस सरकार ने योजना बनाया था, भाजपाई आपस में तय कर ले कि बोलना क्या है? वहां पर विधायक आवास बनाने के योजना भाजपा सरकार की है, इस संबंध में आवास पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी का विधानसभा का वीडियो वायरल है तथा आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद का पत्र भी बताता है कि भाजपा सरकार गरीबों का आवास तोड़ कर वहां मकान तोड़कर विधायक आवास बनाना चाहती है।