नक्सली डंप से 24 लाख कैश और हथियार बरामद

0 नारायणपुर जिले की टेकला पहाड़ी पर मिला नक्सलियों का डंप 
जगदलपुर। बस्तर संभाग से नक्सल समस्या का भले ही खात्मा हो गया है, मगर यहां के जंगलों और पहाड़ों से अभी भी बड़ी मात्रा में नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए हथियारों नोटों का जखीरा मिल रहा है। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर थाना ओरछा एवं थाना छोटेडोंगर क्षेत्र में संचालित दो अलग-अलग सर्च अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
ओरछा थाना क्षेत्रांतर्गत टेकला जंगल, पहाड़ी में संचालित सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा जंगल क्षेत्र में छिपाकर डंप कर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण एवं अन्य सामग्री बरामद की है। इस नक्सली डंप से 1 इंसास रायफल, 2 नग इंसास मैगजीन, 21 नग
इंसास के जिंदा राउंड, 2 नग एसएलआर रायफल, 4 नग एसएलआर मैगजीन, 63 नग एसएलआर के जिंदा राउंड, 2 नग .303 रायफल, 2 नग .303 मैगजीन, 65 नग .303 के जिंदा राउंड, 2 नग 30 ओसी बंदूक, 9 नग
30- ओसी मैगजीन, 36 नग 30- ओसी के जिंदा राउंड, एक नग बीजीएल लॉन्चर, 1 नग सिंगल शॉट बंदूक, 3 नग डेटोनेटर, 2 नग बायोफेंग स्कैनर, 50 नग 31 बंदूक के राउंड, 6.7 एमएम के 28 जिंदा राउंड बरामद किए गए। इसी तरह थाना छोटेडोंगर क्षेत्रांतर्गत टोयामेटा जंगल, पहाड़ी में सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा जंगल क्षेत्र में डंप रखे गए 24 लाख रुपए कैश बरामद किए हैं। यह बड़ी रिकवरी सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे निरंतर सर्च एवं एरिया डोमिनेशन अभियानों का सुफल है। नारायणपुर पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान संचालित कर नक्सलियों द्वारा डम्प कर रखे गए हथियार, विस्फोटक सामग्री एवं अन्य संसाधनों की खोज एवं बरामदगी की कार्रवाई निरंतर जारी है। जिले में शांति, सुरक्षा एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विकास की प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *