जोंगरा गांव में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश हमलावर फरार

सक्ती। जिले के जोंगरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह हर्बल लाइफ के उत्पादों का व्यवसाय करती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और दोनों ने अपने चेहरे नकाब से ढक रखे थे। इसके बाद उन्होंने अचानक पूर्णिमा चौहान पर गोली चला दी।

गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर तुरंत बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, कारोबारी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।