कोरबा/कटघोरा। जिले के कटघोरा वनमंडल में वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बेहद आकर्षक और दुर्लभ दृश्य सामने आया है। ऐतमा नगर परिक्षेत्र के अंतर्गत सलिहाभाठा जलाशय में 13 हाथियों का एक बड़ा झुंड पानी में उतरकर अठखेलियां करता नजर आया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए हाथियों की यह जलक्रीड़ा न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल का विषय बनी, बल्कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, कटघोरा वनमंडल में लंबे समय से लगभग 50 हाथियों का दल अलग-अलग हिस्सों में विचरण कर रहा है। इसी क्रम में यह झुंड सलिहाभाठा जलाशय पहुंचा, जहां हाथियों ने घंटों तक पानी में रहकर डुबकी लगाई और जमकर मस्ती की। झुंड में शामिल बड़े हाथियों के साथ-साथ छोटे शावक भी पानी में खेलते दिखाई दिए, जिससे पूरा दृश्य और भी मनमोहक हो गया।
वीडियो में एक खास दृश्य भी देखने को मिला, जिसमें कुछ हाथी जलाशय के किनारे खड़े होकर अपनी सूंड से सूखी मिट्टी उठाकर शरीर पर डालते नजर आए। विशेषज्ञों के अनुसार यह हाथियों का प्राकृतिक व्यवहार है, जिसे “मड बाथ” या “डस्ट बाथ” कहा जाता है। इसके जरिए हाथी अपने शरीर का तापमान नियंत्रित करते हैं और त्वचा को धूप, कीड़ों तथा अन्य बाहरी प्रभावों से सुरक्षित रखते हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां हाथियों के सामाजिक व्यवहार और प्राकृतिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं। झुंड के साथ शावकों की मौजूदगी यह भी दर्शाती है कि समूह सुरक्षित और स्वस्थ अवस्था में है।
उधर, जलाशय में हाथियों के झुंड की मौजूदगी की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में उत्सुकता का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग इस दृश्य को देखने के लिए मौके की ओर आकर्षित होने लगे, हालांकि वन विभाग ने स्थिति को देखते हुए तुरंत सतर्कता बढ़ा दी है। वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि वे जलाशय के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विभाग का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।