मनरेगा कार्य के दौरान कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, उपसरपंच समेत दो मजदूरों की मौत, 5 घायल

कांकेर। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के कलगांव में सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा के तहत तालाब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर बिजली गिरने से उपसरपंच समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कलगांव में मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण का कार्य चल रहा था, जहां करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कई मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से गांव के उपसरपंच धनराज पटेल और एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने बताया कि अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। घायलों के समुचित उपचार के लिए एंबुलेंस रवाना कर दी गई है और डॉक्टरों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह-सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे कांकेर जिले को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *