जगदलपुर कोर्ट में बम धमकी! ई-मेल से मिली उड़ाने की चेतावनी, न्यायालय परिसर खाली कर सील, बम निरोधक दस्ता छानबीन में जुटा

जगदलपुर। बस्तर के जिला एवं सत्र न्यायालय जगदलपुर में आज सुबह बम ब्लास्ट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया और सुरक्षा की दृष्टि से पूरी इमारत को सील कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल पर एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ा देने की स्पष्ट धमकी दी गई थी। धमकी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत हाई अलर्ट जारी किया और सभी न्यायाधीशों, कर्मचारियों व वादकारियों को बाहर निकाल दिया गया।

मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी
जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) ने पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी है। ड्रोन, स्निफर डॉग्स और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से जांच चल रही है।

साइबर सेल ने शुरू की जांच
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि धमकी भरा ई-मेल किसी विदेशी या छिपे हुए आईपी एड्रेस से भेजा गया है। पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने मेल ट्रेस करने का अभियान शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और राजनांदगांव जिला न्यायालयों को भी इसी तरह ई-मेल के जरिए बम धमकी मिल चुकी है। ऐसे में पुलिस इसे संगठित साजिश मानकर जांच कर रही है। धमकी के चलते आज जगदलपुर कोर्ट में सभी सुनवाई स्थगित कर दी गई है। कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई टल गई, जिससे वादकारियों में अफरा-तफरी मच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *