खेत में खाद डालने गए किसान की सड़क किनारे खड़ी बाइक चोरी, पुलिस जांच में जुटी

बस्तर। जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मधोता-02 खैरगुड़ा में खेत में खाद डालने गए एक किसान की सड़क किनारे खड़ी बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरगुड़ा निवासी खेमेश्वर ठाकुर अपने खेत में खाद डालने गए थे। उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर (क्रमांक CG 17 KW 6420) सड़क किनारे खड़ी कर दी थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और मौका पाकर उनकी बाइक लेकर फरार हो गए।

कुछ देर बाद खेत से लौटने पर खेमेश्वर ठाकुर ने देखा कि उनकी बाइक मौके पर नहीं थी। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने भानपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों आरोपी दूसरी मोटरसाइकिल से आए थे। इनमें से एक युवक ने काले रंग की शर्ट पहन रखी थी तथा उसका कद सामान्य और शरीर दुबला-पतला बताया गया है। चोरी हुई बाइक सिल्वर और ब्लैक रंग की हीरो स्प्लेंडर है।

शिकायत मिलने के बाद भानपुरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

थाना प्रभारी हर्ष कुमार धुरंधर ने बताया कि बाइक चोरी के मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

इधर, पीड़ित परिवार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि चोरी हुई बाइक कहीं दिखाई दे या कोई उसे बेचने का प्रयास करता मिले, तो इसकी सूचना तत्काल भानपुरी थाना या संबंधित मोबाइल नंबरों पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, बाहरी वाहनों की सघन जांच करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *