बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत कोसमी की शासकीय प्राथमिक शाला कोसमी में मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत_न्योता भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोसमी के सरपंच नीलम कुमार कश्यप, पंचगण, पटेल, पंचायत सचिव एवं शाला के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं प्रार्थना के साथ हुई। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों द्वारा बच्चों को स्वच्छता, अनुशासन और अच्छी शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया। न्योता भोज के तहत बच्चों के लिए विशेष मेन्यू में खीर पूड़ी और मीठा भोजन तैयार किया गया था। सरपंच श्री कश्यप सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने कतार में बैठ कर बच्चों के साथ भोजन ग्रहण किया।सरपंच नीलम कुमार कश्यप ने कहा कि न्योता भोज का उद्देश्य बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करना है। जब जनप्रतिनिधि और समाज के लोग बच्चों के साथ भोजन करते हैं तो बच्चों का मनोबल बढ़ता है और शाला में नियमित उपस्थिति को भी प्रोत्साहन मिलता है। शाला की प्रधान पाठिका ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप हर माह न्योता भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्राम के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर सरपंच नीलम कुमार कश्यप, पंचगण, पटेल, पंचायत सचिव, शाला के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, एसएमडीसी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे। अंत में सभी बच्चों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।