पाकिस्तान, खालिस्तानी, नक्सलियों की भाषा बोल रही कांग्रेस : केदार कश्यप

0  कांग्रेस के बयान गहरी साजिश के संकेत : कश्यप

0 लोकतंत्र में बुरी तरह परास्त हुई कांग्रेस किसी भी हद तक जा सकती है 

जगदलपुर। केबिनेट मंत्री केदार कश्यप के कहा है कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस की तरफ से लगातार ऐसे बयान आ रहे हैं, जो किसी गहरी साजिश की ओर इशारा कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे कांग्रेस द्वारा हो रही गहरी साजिश इनके नेताओं के जुबान पर बार- बार आ रही है। आखि़र क्या मामला है कि कांग्रेस के बयान पाकिस्तान, खालिस्तानी नक्सलियों जैसे आ रहे हैं। यह सभी एक ही भाषा बोल रहे है। केदार कश्यप ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से बुरी तरह परास्त हुई कांग्रेस अब बौखलाहट में किसी भी हद तक जा सकती है। हम सभी को इससे सावधान रहने की ज़रूरत है।
भाजपा जिला कार्यालय में गुरूवार को पत्रवार्ता में वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की ओर से एकाएक हिंसक बयानों की बाढ़ सी आ गई है। बस्तर लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने जनता के बीच कहा कि कवासी जीतेगा, मोदी मरेगा। यह नाहक दिया गया बयान नहीं है। कवासी लखमा वैसे भी झीरम कांड समेत अनेक मामलों में संदिग्ध रहे हैं। झीरम कांड का सबूत भूपेश बघेल भी अपनी जेब में होने की बात करते रहे हैं, जबकि आज तक उन्होंने कोई साक्ष्य नहीं दिया है। श्री कश्यप ने कहा कि कुछ दिन पूर्व राजनांदगांव में भूपेश बघेल की नामांकन रैली में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने खुलेआम कहा था कि लाठी से मोदी का सर फोड़ दे, ऐसा सांसद चाहिए। शिव डहरिया केवल गाली दे सकते हैं मोदी को, जबकि भूपेश बघेल सर फोड़ सकते हैं। मोदी को परेशान करके चीन भेज देना चाहिए। ऐसे ही मोहला मानपुर के नक्सली सुरजू टेकाम ने कांग्रेस विधायक के मंच पर रहते हुए यह आह्वान किया था कि भाजपा के लिए वोट मांगने आने वाले को काट देना चाहिए। बाद में वहां एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या भी हुई। केदार कश्यप ने प्रश्न उठाते हुए कहा कि क्या यह सभी कांग्रेस द्वारा प्रायोजित है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रवास के दौरान उन्हे घेर कर मारने की साजिश रची गई थी। जिसमें प्रधानमंत्री मोदी बाल बाल बचे थे। खालिस्तानियों की रैली में भी मर जा मोदी , मर जा मोदी के नारे लगते रहे हैं। हाल ही में एक अखबार में यह रिपोर्ट की है कि नक्सली बकायदा कांग्रेस को वोट देने के लिए लोगो को डरा धमका रहे हैं और नहीं मानने पर हत्या आदि की धमकी दे रहे हैं। केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस व उनके नेताओं का वर्तमान आचरण और बयान लोकतंत्र के निर्धारित मापदंड से बिल्कुल विपरीत हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास कांग्रेस को रास नहीं आ रहा। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी पराजय स्पष्ट दिखायी पड़ रही है, जिसकी बौखलाहट में कांग्रेस और उनके नेता साजिश करने पर आमदा है, जो उनके बयानों से परिलक्षित हो रहा है। पत्रवार्ता में लोकसभा प्रभारी महेश जैन, संयोजक श्रीनिवास राव मद्दी, भाजपा जिला अध्यक्ष रुपसिंह मंडावी, पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप, योगेंद्र पाण्डेय, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पाण्डेय, सुरेश गुप्ता, आलोक अवस्थी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *