जांजगीर-चांपा। अकलतरा में नकली नोट के जरिए शराब खरीदने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद हुए हैं। जांच में चारों नोटों का सीरियल नंबर एक जैसा पाया गया। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि अकलतरा स्थित देशी शराब दुकान में एक युवक 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सत्येंद्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे, निवासी दोमुहानी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 500 रुपये के चार नोट बरामद किए गए। नोटों की सत्यता जांचने के लिए पुलिस ने उन्हें तत्काल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अकलतरा शाखा भेजा। बैंक में परीक्षण के दौरान चारों नोट नकली पाए गए। पुलिस के मुताबिक, सभी नोटों का सीरियल नंबर भी एक ही था, जिससे उनके जाली होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नकली नोट उसे किसने उपलब्ध कराए और इस मामले में कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 180 के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में नकली नोटों के स्रोत और उनसे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।