बच्चों से भरी स्कूल बस खेत में पलटी, मची चीख-पुकार; कई बच्चे घायल, अस्पताल में भर्ती

बेमेतरा। जिले में सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में बस में सवार कई बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस क्रमांक CG 25 A 0218 में करीब 17 से 18 बच्चे सवार थे। बस सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच पहुंची थी, तभी अचानक चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और वाहन सड़क से उतरकर खेत में पलट गया।

ग्रामीणों ने पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला

बस के पलटते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस के चालक और कंडक्टर की मदद से अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

फिलहाल हादसे में घायल बच्चों की स्थिति और दुर्घटना के सही कारणों की जानकारी सामने आना बाकी है। स्थानीय स्तर पर घटना की जांच की जा रही है।

स्कूल बसों की सुरक्षा पर उठे सवाल

बच्चों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों ने स्कूल बसों की फिटनेस, चालक की दक्षता और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की नियमित जांच की मांग उठाई है।