रायपुर। राजधानी में भीड़भाड़ वाले स्थानों और सार्वजनिक परिवहन में चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में समग्र शिक्षा कार्यालय की सहायक संचालक मंजू लता साहू के साथ ई-रिक्शा में चेन चोरी की घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंजू लता साहू 18 अगस्त को अपने परिचित के साथ एक्टिवा से कार्यालय के लिए निकली थीं। तेज बारिश के कारण उन्होंने जेल रोड बस स्टॉप के पास एक्टिवा खड़ी की और आगे का सफर ई-रिक्शा से करने का फैसला किया।
वह ई-रिक्शा में सवार होकर बोर्ड ऑफिस की ओर जा रही थीं। खालसा स्कूल के रास्ते अंबेडकर चौक पहुंचने के बाद करीब छह महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हो गईं। यात्रियों की संख्या बढ़ने से वाहन में काफी भीड़ हो गई और बैठने के दौरान महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
उतरने के बाद पता चला चेन गायब है
ई-रिक्शा चालक आकाशवाणी चौक और जोगी बंगला होते हुए महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज की ओर बढ़ रहा था। करीब सुबह 10:05 बजे पेंशनबाड़ा हमर क्लिनिक के पास मंजू लता साहू ई-रिक्शा से उतर गईं।
वाहन के वहां से रवाना होने के बाद जब उन्होंने अपने गले की ओर देखा तो सोने की चेन गायब मिली। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनकी करीब एक तोला वजन की सोने की चेन थी। उन्हें आशंका है कि ई-रिक्शा में सवार महिलाओं में से किसी ने भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर चेन चोरी की।
CCTV फुटेज से खुलेगा राज
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ई-रिक्शा के पूरे रूट और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इसके साथ ही ई-रिक्शा चालक और घटना के समय वाहन में सवार अन्य यात्रियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में किसी संगठित महिला चेन स्नेचिंग गिरोह की भूमिका है या यह किसी एक आरोपी की करतूत थी।