रायपुर में खूनी रात! दो अलग वारदातों में दो युवकों की चाकू से हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार की रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुए इन वारदातों में दो युवकों की जान चली गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। लगातार हो रही हत्या और चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

महादेव घाट रोड पर आमना-सामना, चाकू से हुआ जानलेवा हमला

पहली घटना महादेव घाट रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान सुमीत बाजार के पास स्कूटी सवार टिकेंद्र ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों के बीच विवाद के दौरान टिकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और जवाबी वार किया। इस दौरान टिकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं कैलाश भी हमले में घायल हुआ, जिसे गंभीर हालत में एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।

चंगोराभांठा में युवकों के विवाद ने लिया खूनी रूप

दूसरी घटना रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कई युवकों ने मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर हालत में भोला को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही डीडी नगर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ नाबालिग होने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं, मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।

पुलिस ने दोनों घटनाओं में हत्या, बलवा समेत संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर विवाद की असली वजह, घटनाओं में शामिल अन्य लोगों और पूरी वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

20 दिनों में 12 हत्याओं का दावा

राजधानी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दावा किया जा रहा है कि पिछले 20 दिनों में रायपुर में 12 हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। ताजा डबल मर्डर के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और अपराध पर नियंत्रण को लेकर पुलिस कमिश्नरेट के सामने चुनौती और बढ़ गई है।