कथित बुद्धिमान नपा कर्मचारी की हेकड़ी निकाल दी राजस्व प्रभारी मोटवानी ने

0 कर्मी अब लौटाने लगा है रिश्वत की रकम 
दल्ली राजहरा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन पर धब्बा और नगर पालिका की साख को चूना लगाने वाले तथाकथित बुद्धिमान कर्मचारी की हेकड़ी नगर पालिका के राजस्व प्रभारी विशाल मोटवानी के कड़े तेवर के आगे निकल गई। यह कर्मचारी अब लोगों को उनसे ली गई रिश्वत की रकम लौटाने लगा है।

नगर के लोगों से लगातार मिल ही शिकायत से परेशान पार्षद और राजस्व विभाग के प्रभारी विशाल मोटवानी ने इसे गंभीरता से लिया,और लोगों से अपील की कि जिन लोगों ने भी जमीन मामले में इस बुद्धिमान कर्मचारी को रकम दी है, वे नगर पालिका के राजस्व विभाग में लिखित शिकायत मेरे माध्यम से कर अपनी रकम वापस ले सकते हैं। राजस्व प्रभारी के इस फरमान से कुछ लोगों ने अपनी व्यथा खुल कर रखी। इस दौरान जब राजस्व विभाग के कथित बुद्धिमान कर्मचारी से इस मामले से पूछताछ की गई तो वे अपने ही विभाग के चुने हुए जनप्रतिनिधि से दुर्व्यवहार करते हुए धमकी देने लगे कि मेरे कार्यों में जरा भी हस्तक्षेप नहीं करें। कर्मचारी के चोरी और सीना जोरी वाले व्यवहार से हतप्रभ जनप्रतिनिधि विशाल मोटवानी ने नगर पालिका द्वारा के सीएमओ और पालिका अध्यक्ष को इस मामले की जानकारी दी।राजस्व प्रभारी और अन्य जनप्रतिनिधियों के बढ़ते दवाब से बचने उक्त बुद्धिमान कर्मचारी ने एक पीड़ित को उसकी रकम सबके सामने वापस कर दी, लेकिन अभी कई पीड़ित उक्त कर्मचारी को दी गई रकम को वापस कराने की मांग राजस्व प्रभारी विशाल मोटवानी के माध्यम से कर रहे हैं। राजस्व विभाग प्रभारी श्री मोटवानी ने कहा है कि सरकार अपने जीरो टॉलरेंस के वादे को पूरा और ऐसे भ्रष्ट कर्मचारी अधिकारी पर लगाम लगाने प्रभावी कार्रवाई करेगी। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका का यह बुद्धिमान कर्मचारी जमीन माफिया की तरह काम करता आ रहा है। सरकारी और नजूल जमीन पर कब्जे करवा कर कब्जे करने वालों से रकम ऐंठना इस कर्मचारी की फितरत बन गई है। ऐसे ही दो बड़े मामलों की शिकायत उच्च स्तर पर भी हो चुकी है। इन मामलों में राजस्व न्यायालय ने स्टे ऑर्डर जारी किया था। न्यायालय के आदेश को भी ठेंगा दिखाने की जुर्रत इस कर्मचारी ने कर डाली है। कर्मचारी की इस हरकत को देखते हुए नगर पालिका के राजस्व प्रभारी विशाल मोटवानी ने अब कड़े तेवर अपना लिए हैं। उनका कहना है कि ऐसा खेल अब वे हरगिज नहीं चलने देंगे।