नुक्कड़ नाटक से एड्स के खिलाफ जागरूकता अभियान

0  एड्स के खिलाफ लोगों में लाया अवेयरनेस 
जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर जगदलपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त तत्वावधान में एड्स नियंत्रण हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को एचआईवी से बचाव, सावधानियों एवं भ्रांतियों को दूर करने के संबंध में जानकारी दी गई।
जागरूकता अभियान की शुरुआत जगदलपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर की गई। इसके बाद दलपत सागर, कोतवाली थाना चौक, नया बस स्टैंड जगदलपुर तथा शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर के अटल द्वार के समक्ष नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को एड्स के प्रति जागरूक किया गया।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वयंसेवकों ने लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों से जागरूक रहने और समाज में एड्स को लेकर सही जानकारी पहुंचाने की अपील की गई। कार्यक्रम एनएसएस समन्वयक डॉ. सजीवन कुमार शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर जगदलपुर के दिशा निर्देश पर आयोजित हुआ। इसमें डॉ. मौसमी विश्वास, जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना, डॉ. भुनेश्वर लाल साहू कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. गुलाबचंद साहू, अध्यक्ष रेड रिबन एवं यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी, डॉ. प्रिंसी दुग्गा, कार्यक्रम अधिकारी, शासकीय दंतेश्वरी गर्ल्स कॉलेज जगदलपुर तथा डॉ. प्रेमजीत निराला की सहभागिता रही। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों भुवनेश्वर कश्यप, यशोदा यादव, सुमन मंडावी, खिरबती नाग, कीर्ति बघेल, लक्ष्मी बघेल, मानसी कंवर दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय जगदलपुर, भागीरथी ध्रुव, निरंजन निषाद एवं सागर बघेल शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर के स्वयंसेवकों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं नागरिकों को एड्स के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं भेदभावमुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना रहा।