तोंगकोंगरा में अवैध रेत खनन और परिवहन पर एक्शन, दो वाहन जप्त

० कार्रवाई से रेत माफिया के बीच मचा हड़कंप 
बकावंड। विकासखंड बकावंड के ग्राम तोंगकोंगरा में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जप्त किया है। एसडीएम नीतीश वर्मा के मार्गदर्शन एवं रुपेश मरकाम के निर्देशन में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़ा।
बताया जा रहा है कि तोंगकोंगरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध तरीके से रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही थीं। शिकायतों के बाद प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर जांच की। इस दौरान दो जवानों ने मौके पर पहुंचकर रेत परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को दबोच लिया और उन्हें जप्त किया गया। कार्रवाई की खबर फैलते ही अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से नियमों को ताक पर रखकर रेत निकाली और परिवहन की जा रही थी। इससे शासन को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ नदी एवं पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्रामीणों को राहत मिली है।अधिकारियों ने संकेत दिया है कि अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई से साफ है कि क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

जारी रहेगी कार्रवाई
अवैध उत्खनन की जानकारी मिलते ही हमारी टीम ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई की है। पकड़े गए वाहनों को जप्त किया गया है और उनके मालिकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। रेत और अन्य खनिजों के अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
-नीतीश वर्मा,
एसडीएम, बकावंड