0 विधायक एवं उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने खोला बड़ा मोर्चा
बकावंड। बस्तर क्षेत्र से विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत राजपुर की उचित मूल्य दुकान में गरीब हितग्राहियों को निर्धारित 35 किलो के स्थान पर मात्र 31 किलो चावल वितरित किए जाने के मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए भाजपा सरकार, खाद्य विभाग एवं जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा सवाल खड़ा किया है।उन्होंने कहा है कि गरीबों के हिस्से का राशन कम तौलकर देना केवल एक प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकारों और उनके निवाले पर खुला डाका है।
उप नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि राजपुर पंचायत के लगभग 600 गरीब परिवारों को प्रत्येक बोरे में 4 किलो चावल कम दिए जाने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि दुकान के इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर 35 किलो दर्शाया गया, जबकि दूसरे कांटे पर वही बोरा मात्र 31 किलो निकला यदि यह तथ्य सही है, तो यह सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और गरीबों के साथ सुनियोजित धोखाधड़ी का मामला है। श्री बघेल ने कहा कि सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जिला प्रशासन, खाद्य विभाग एवं संबंधित अधिकारी आखिर सतत निरीक्षण करते हैं या नहीं? यदि उचित मूल्य दुकानों का नियमित निरीक्षण और निगरानी होती, तो गरीबों को मिलने वाले राशन में इस प्रकार की कटौती संभव ही नहीं थी। यह घटना विभागीय निगरानी व्यवस्था की पूरी तरह पोल खोल रही है।
इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर सवाल
वरिष्ठ विधायक एवं विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने सवाल उठाया कि उचित मूल्य दुकानों में उपयोग की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक नापतौल मशीनों का समय-समय पर परीक्षण और सत्यापन आखिर होता है या नहीं यदि होता है तो फिर इतनी बड़ी गड़बड़ी कैसे सामने आई और यदि नहीं होता, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी कौन हैं ऐसा प्रतीत होता है कि विभागीय कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रह गई है, जबकि धरातल पर गरीबों का हक लगातार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब कल्याण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि गरीब परिवारों के हिस्से का राशन भी सुरक्षित नहीं है सरकार की लापरवाही और प्रशासन की निष्क्रियता का खामियाजा सीधे गरीब और जरूरतमंद परिवार भुगत रहे हैं यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
दी आंदोलन की चेतावनी
उप नेता प्रतिपक्ष श्री बघेल ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी राशन विक्रेता, संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं जिम्मेदार कर्मचारियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए तथा सभी प्रभावित हितग्राहियों को उनका पूरा राशन तत्काल उपलब्ध कराया जाए साथ ही जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों की विशेष जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी गरीब के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी न हो सके।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है गरीबों के निवाले पर किसी भी प्रकार का डाका किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्री बघेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई और राजपुर पंचायत के लगभग 600 गरीब परिवारों को उनका पूरा राशन उपलब्ध नहीं कराया गया, तो कांग्रेस पार्टी गरीबों के हक की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन करेगी भाजपा सरकार और प्रशासन को गरीबों के साथ हो रहे इस अन्याय का जवाब देना होगा तथा दोषियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाना होगा।