खेत में काम कर रहे बुजुर्ग किसान को बिच्छू ने डंका, इलाज के दौरान मौत

धमतरी। जिले के भखारा क्षेत्र में जहरीले बिच्छू के डंक से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। बारिश के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं की सक्रियता बढ़ने के बीच हुई इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, भखारा क्षेत्र निवासी परदेशी राम अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक जहरीले बिच्छू ने डंक मार दिया। डंक लगने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धमतरी के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया।

निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग किसान ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। किसान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बारिश के मौसम में खेतों और खुले स्थानों पर बिच्छू, सांप सहित अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में कृषि कार्य या अन्य बाहरी काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *