राज ज्वेलर्स लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार! महिला बनकर रची थी लूट की साजिश

कोरबा। कटघोरा क्षेत्र के चर्चित राज ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे मास्टरमाइंड को कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विष्णु प्रसाद राठिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने महिला का भेष धारण कर अपने साथियों के साथ ज्वेलरी दुकान में लूट की पूरी साजिश रची थी।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मास्टरमाइंड विष्णु राठिया वारदात के बाद लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और पुलिस से बचने के लिए कर्नाटक बॉर्डर के हिन्दूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूर बनकर रह रहा था।

एक जुलाई को हुई थी ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश

पुलिस के अनुसार, एक जुलाई को छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में तीन आरोपी ग्राहक बनकर पहुंचे थे। उस समय दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे। आरोपियों ने चेहरा गमछे से ढक रखा था। इनमें से एक आरोपी महिला के वेश में था।

आरोपियों ने चांदी की अंगूठी देखने के बहाने दुकानदार को काउंटर के पास बुलाया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने दुकानदार की छाती पर देसी कट्टा तान दिया। तीसरे आरोपी ने मिर्च पाउडर का इस्तेमाल कर दुकानदार को काबू करने का प्रयास किया और आभूषण बैग में भरने लगा। इसी दौरान दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। भीड़ देखकर आरोपी घबरा गए और देसी कट्टा व चोरी की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद दुकानदार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जंगल के रास्तों से भाग रहे थे आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे और जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राम को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस को मास्टरमाइंड विष्णु प्रसाद राठिया के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

मजदूर बनकर छिपा था मास्टरमाइंड

पुलिस को सूचना मिली कि विष्णु राठिया कर्नाटक बॉर्डर स्थित हिन्दूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद कोरबा पुलिस की विशेष टीम कर्नाटक पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों की पहचान जेल में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, तीनों पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में सजा काट चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मिलकर लूट की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल, देसी कट्टा और मिर्च पाउडर का इस्तेमाल किया गया। पुलिस अब आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य संभावित कड़ियों और पूर्व आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में कटघोरा थाना टीम और विशेष पुलिस दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *