CAIT ट्रांसपोर्ट विंग की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, नवीन शर्मा पुनः प्रदेश अध्यक्ष, अमरीक सिंह महामंत्री, राकेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष नियुक्त

० प्रदेश के सभी जिलों में होगा ट्रांसपोर्ट विंग का विस्तार, ट्रांसपोर्ट कारोबार को नई गति देने का संकल्प – अमर पारवानी

रायपुर।
देश के प्रमुख व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की छत्तीसगढ़ ट्रांसपोर्ट विंग की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। संगठन के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार के सदस्य अमर पारवानी ने नवीन शर्मा को पुनः प्रदेश अध्यक्ष, अमरीक सिंह को प्रदेश महामंत्री और राकेश अग्रवाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की।

इस अवसर पर CAIT छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमैन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। नई कार्यकारिणी की घोषणा के दौरान अमर पारवानी ने कहा कि परिवहन व्यवसाय देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। व्यापार, उद्योग, कृषि और लॉजिस्टिक्स की पूरी व्यवस्था एक मजबूत और व्यवस्थित परिवहन तंत्र पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि CAIT ट्रांसपोर्ट विंग का उद्देश्य प्रदेश के परिवहन व्यवसायियों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी तरीके से काम करना है।

पारवानी ने कहा कि संगठन सरकार और ट्रांसपोर्ट उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी काम करेगा। आगामी समय में प्रदेश के सभी जिलों में ट्रांसपोर्ट विंग का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक परिवहन व्यवसायी संगठन से जुड़ सकें। जिला और स्थानीय स्तर पर मजबूत इकाइयों का गठन कर ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े मुद्दों पर नियमित संवाद और समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन परिवहन कारोबार में आधुनिक तकनीक के उपयोग, बेहतर व्यापारिक व्यवस्थाओं और व्यवसायियों के हितों की सुरक्षा के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाएगा। पुनः प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए नवीन शर्मा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें दोबारा जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को एकजुट कर उनकी समस्याओं के समाधान, कारोबार के विस्तार और नए अवसरों के सृजन के लिए व्यापक स्तर पर काम किया जाएगा। CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर व्यापार और उद्योग की जीवनरेखा है। एक मजबूत और संगठित ट्रांसपोर्ट विंग प्रदेश के व्यापारिक हितों को नई मजबूती देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नवीन शर्मा के नेतृत्व में नई टीम प्रदेश के प्रत्येक जिले में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को संगठन से जोड़ने और उनके हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नई कार्यकारिणी में संरक्षक मंडल में बालजिंदर सिंह ज्ञानी, गुरदीप सिंह गरचा, जगदीश मित्तल, चरण शर्मा, श्रवण विष्नोई, रणजीत सिंह वालिया, मनीराम वर्मा और रामचंद्र माहेश्वरी को शामिल किया गया है।

सलाहकार मंडल में विनित तिवारी, कमल अग्रवाल, हर्षिंकर मिश्रा, राजेंद्र तिवारी, नथ्थूराम भारद्वाज, दीपक शर्मा, रमेश शर्मा, बलवीर सिंह विर्क, जितेंद्र द्विवेदी, बलवीर सिंह गिल, जगतार सिंह और स्वरूप चोपड़ा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में राजेश शर्मा, राजपाल पगारिया, जगदीश कौशिक और रवि प्रधान को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश सचिवों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकारिणी सदस्यों को भी संगठन में शामिल किया गया है।

CAIT ने विश्वास जताया कि नई प्रदेश कार्यकारिणी के नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट विंग प्रदेश के सभी जिलों में मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करेगी। साथ ही परिवहन व्यवसायियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने, कारोबार के विकास और व्यापारिक वातावरण को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *