० प्रदेश सचिव प्रवीण साहू ने भाजपा-आरएसएस पर जमकर साधा निशाना
रायपुर/अभनपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को मुख्यालय अभनपुर में पीसीसी सचिव प्रवीण साहू के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अभनपुर के कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे और स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लेकर सद्भावना कुटी से बस स्टैंड तक बाइक रैली निकाली एवं बस स्टैंड अभनपुर में नारे लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। पीसीसी सचिव प्रवीण साहू ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने राजनीतिक लाभ के लिए भगवान श्रीराम के नाम पर देश के करोड़ों लोगों से वोट मांगे। अब करोड़ों हिंदुओं की आस्था और विश्वास को ठेस पहुंचाते हुए श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यही भाजपा और आरएसएस की कथनी और करनी का अंतर है। श्री साहू ने आगे कहा कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर जनता से भावनात्मक अपील कर वोट लेने वाली भाजपा अब मंदिर की पवित्र निधि में कथित अनियमितताओं के जरिए हिंदू समाज की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में विद्याभूषण सोनवानी, विमल साहू, नंद कुमार साहू, किरण साहू, भुवनेश्वरी सिन्हा, राखी ध्रुव, बलविंदर गांधी, नीलकमल गिलहरे, वीरेंद्र प्रताप सिन्हा, डोर्मेंद्र साहू, बीरबल टंडन, राजेश साहू, दिनेश अंबिलकर, प्रहलाद साहू, श्री पंडेल, शैलेंद्र यादव, मदन लाल गिलहरे, मोंटू भार्गव, रूपेश बांधे, डोमेश सिन्हा, बुसाक चतुर्वेदानी, सुमित तंबोली सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता और स्थानीय हिंदू समाज के कई लोग शामिल रहे।