किचन शेड और बॉउंड्री वॉल निर्माण में गड़बड़ी…

० खोटलापाल पंचायत में निर्माण कार्यों में लाखों की अनियमितता का आरोप 
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत खोटलापाल में शासकीय निर्माण कार्यों में बड़ी वित्तीय अनियमितताएं मामला सामने आईं हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत में बाउंड्री वॉल तथा किचन बरामदा निर्माण के नाम पर शासकीय राशि आहरित कर ली गई, लेकिन कार्य या तो अधूरे हैं अथवा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराए गए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के तत्कालीन सरपंच सचिन डूमरधर देवांगन तथा वर्तमान सरपंच के कार्यकाल से जुड़े निर्माण कार्यों में अनियमितताएं हुई हैं। आरोप है कि बाउंड्री वॉल एवं किचन बरामदा निर्माण के नाम पर सरकारी राशि निकाल ली गई, जबकि मौके पर कार्यों की वास्तविक स्थिति सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर यदि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना है कि पंचायतों में विकास कार्यों के लिए शासन करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन यदि निर्माण कार्य केवल कागजों में पूरे दिखाकर राशि का आहरण किया जा रहा है तो यह शासन की योजनाओं की मंशा के विपरीत है। इस संबंध में जब जनपद पंचायत बकावंड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी परेश्वर कुरे से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।अब ग्रामीणों की निगाह प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि जांच निष्पक्ष तरीके से होती है तो पंचायत में हुए निर्माण कार्यों और राशि के उपयोग की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। वहीं, ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेखों एवं निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि सरकारी धन के उपयोग की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

कराएंगे मामले की जांच
मामले की जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वित्तीय अनियमितताएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-परेश्वर कुर्रे,
सीईओ, जनपद पंचायत बकावंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *