० ग्रामीणों के साथ खड़े हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज
० कहा- जहां बिजली पानी नहीं वहां व्यवस्थापन अत्याचार की पराकाष्ठा
० कहीं और बनाई जाएं कॉलोनियां : बैज
(अर्जुन झा)जगदलपुर। विधायकों और आईएएस एवं आईपीएस अधिकारियों की कॉलोनियां बनाने के लिए राजधानी रायपुर से सटे ग्राम नकटी में सैकड़ों लोगों के मकानों को बुलडोजर से तोड़े जाने का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ा विरोध किया है। दीपक बैज का कहना है कि रायपुर के आसपास बड़े पैमाने पर रिक्त जमीन है, जहां वीवीआईपी कॉलोनियां बनाई जा सकती हैं। बिजली पानी जैसी सुविधा विहीन बिल्डिंगों में विस्थापित ग्रामीणों के पुनर्वास को पीसीसी चीफ दीपक बैज ने अमनवीयता की पराकाष्ठा करार दिया है।
विस्थापन के विरोध में आंदोलित हो उठे नकटी गांव के लोगों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का बड़ा संबल मिल गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक शिव डहरिया और अन्य कांग्रेस नेता नकटी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की, उनकी पीड़ा सुनी। इसके बाद मीडिया के सामने दीपक बैज ने प्रदेश की भाजपा सरकार, उसके विधायकों और सांसद पर जमकर हमला बोला। दीपक बैज ने कहा कि अपने मंत्री, विधायकों और अफसरों की सुख सुविधा के लिए साय सरकार दशकों से बसी बसाई बस्ती को उजाड़ने पर आमादा हो गई है। ग्रामीणों को उनकी पुश्तैनी खेती किसानी और घर बार से बेदखल किया जा रहा है। यह सरकार के जुल्म की इम्तेहां है। श्री बैज ने कहा कि बेदखली न करवाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मिलने गए नकटी गांव के ग्रामीणों के साथ श्री अग्रवाल ने विश्वासघात किया है, झूठ बोला है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि नकटी गांव को किसी भी हाल में उजड़ने नहीं दिया जाएगा, मगर साय सरकार घरों को लगातार तोड़ती चली जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि ऐन खेती किसानी के समय और बरसात के मौसम में नकटी के ग्रामीणों और किसानों को बेदखल करना किसी भी हाल में जायज नहीं ठहराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि नकटी के ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस के विधायक मानसून सत्र के दौरान यह मुद्दा उठाएंगे। श्री बैज ने कहा कि लगभग 35 साल से बसे इन सैकड़ों रहवासियों को एक झटके में बेघर कर दिया गया है। इस मामले में सभी पार्टियां एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रही हैं, किंतु पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा नकटी ग्राम के बेघर हुए हजारों लोगों के सामने जो बात रखी वह सचमुच दिल को छूने वाली है राजनीति से परे हट कर एक शिक्षित आदिवासी नेता दीपक बैज के मन में गरीब ग्रामीणों के प्रति भरी करुणा को देख नकटी गांव के ग्रामीण कृतज्ञ नजर आ रहे थे।
अंग्रेजों को पीछे छोड़ा भाजपा ने: बैज
नकटी में ग्रामीणों से मिलने के बाद दीपक बैज बेदखल ग्रामीणों को बसाई गई बिल्डिंगों का हाल देखने जा पहुंचे। वे एक बिल्डिंग की चौथी मंजिल तक निर्वासित अंजुला बाई साहू के मासूम बच्चे को लेकर सीढ़ियों से होकर पहुंच गए। वहां गैलरी में अंजुला बाई और अन्य बेदखल ग्रामीणों के गद्दे, चादर, अनाज, कपड़े लत्ते व अन्य घरेलू सामान बिखरे पड़े थे। वहां पीसीसी चीफ दीपक बैज ने अंजुला बाई और अन्य महिलाओं से चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि 4-4 परिवारों के किए एक एक कमरे दिए गए हैं। यहां न पानी की सुविधा है, न बिजली की। यह सुनते ही दीपक बैज पुनः भाजपा सरकार पर बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि इतनी भीषण गर्मी और उमस में बिना पानी और बिजली के एक कमरे में चार परिवारों को रखना भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार की बर्बरता का परिचायक है। श्री बैज ने कहा कि इतना जुल्म तो अंग्रेजों ने भी नहीं किया था।