थाने के लॉकअप में हंगामा, युवक ने ब्लेड से खुद को किया घायल; पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस लॉकअप के भीतर एक युवक द्वारा खुद को घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, जरहाभाठा क्षेत्र में आयोजित “शेख खलील डल्ला नाच” कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा था। तलाशी लेने पर उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाने लाया गया और लॉकअप में रखा गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान रामा कुर्रे के रूप में हुई है। आरोप है कि वह कार्यक्रम स्थल पर अपनी जेब में चाकू लेकर नाचते हुए पाया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे लॉकअप में रखा गया था, जहां कुछ समय बाद उसने अपने पास छिपाकर रखे ब्लेड से अपने हाथ और सीने पर चोट पहुंचा ली।

पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब आरोपी से मिलने उसकी परिचित महिला मधु और एक नाबालिग युवक थाने पहुंचे थे। दोनों के मिलने के कुछ देर बाद ही आरोपी ने यह कदम उठाया। पुलिस का दावा है कि युवक ने दबाव बनाने और पुलिस को प्रभावित करने की नीयत से स्वयं को घायल किया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने ब्लेड का छोटा टुकड़ा अपने मुंह के पास छिपाकर रखा था, जिसे उसने लॉकअप में उपयोग किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने चोटें स्वयं को पहुंचाई हैं। साथ ही यह भी बताया गया कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है, जिसमें आरोपी से मिलने आए लोगों की भूमिका और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *