शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को लेकर जेडी से मिले फेडरेशन पदाधिकारी

0 दूर की जाएंगी शिक्षकों की समस्याएं, जारी होगी वरिष्ठता सूची भी 
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधि मंडल ने बस्तर संभाग के शिक्षकों की लंबित समस्याओं एवं मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक एचआर सोम से सौजन भेंट की। श्री सोम से शिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने मर्ज की गई शालाओं के लिए शाला अनुदान राशि जारी करने अथवा विद्यालय संचालन हेतु आवश्यक वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई।बताया गया कि अनुदान के अभाव में प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों को अपने निजी संसाधनों से विद्यालयीय आवश्यकताओं का व्यय वहन करना पड़ रहा है, जिससे संचालन में कठिनाइयां हो रही हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल 2025 की स्थिति में सहायक शिक्षकों की संभाग स्तरीय अंतिम वरिष्ठता सूची का शीघ्र प्रकाशन करने की मांग की गई, ताकि लंबे समय से लंबित शिक्षक पदोन्नति प्रक्रिया को गति मिल सके। साथ ही वीएसके एप की तकनीकी समस्याओं तथा बस्तर के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क बाधाओं का उल्लेख करते हुए इन समस्याओं के समाधान तक शिक्षकों का वेतन आहरण प्रभावित नहीं करने का आग्रह भी किया गया। प्रतिनिधि मंडल ने बस्तर संभाग में विषयवार शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि इससे पदस्थापना एवं पदोन्नति संबंधी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी।संयुक्त संचालक शिक्षा एचआर सोम ने प्रतिनिधि मंडल से स्पष्ट समस्याओं का जल्द निराकरण करने तथा पदोन्नति के पदों को भी सार्वजनिक करने की बात कही। इसके लिए पर प्रतिनिधि मंडल ने उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रतिनिधि मंडल में समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष देवराज खूंटे, जिला सचिव गणेश्वर नायक, जिला कोषाध्यक्ष एसएस जॉन एवं अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *