गरियाबंद में सनसनीखेज डबल मर्डर: पति-पत्नी की हत्या कर श्मशान घाट में दफनाए गए शव, तीन आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के गरीबा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर उनके शवों को एक ही बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना देने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजाराम और उनकी पत्नी आशो बाई पिछले एक सप्ताह से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इसी बीच श्मशान घाट में एक अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को एक स्थान पर ताजा मिट्टी भरी हुई संदिग्ध स्थिति में दिखाई दी। शक होने पर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना शोभा थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई। खुदाई के दौरान मिट्टी के अंदर एक बोरे में लिपटे हुए दोनों शव बरामद हुए। शवों की पहचान लापता पति-पत्नी राजाराम और आशो बाई के रूप में की गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका मजबूत हुई, जिसके बाद मामले की गहराई से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने डंडों से पीट-पीटकर दोनों की हत्या की थी। इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शवों को एक बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और समय पर सूचना के कारण इस जघन्य वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिवत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *