रायगढ़। जिले में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 4 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अतरमुड़ा स्थित एक मकान में लंबे समय से देह व्यापार संचालित होने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। शिकायत के आधार पर रायगढ़ एसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीएसपी और साइबर सेल की टीम ने चक्रधर नगर पुलिस के साथ गुरुवार रात संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस टीम के मकान में पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान मौके से 4 महिलाओं सहित कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया गया। जांच के बाद सभी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।