वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले का सड़क हादसा, चार पुलिसकर्मी और चालक गंभीर

0  बाल-बाल बच गए वन मंत्री केदार कश्यप

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ रविवार को कोंडागांव जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घोड़ागांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने मंत्री के वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद कार काफिले के फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिसकर्मी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मंत्री केदार कश्यप का काफिला नेशनल हाईवे-30 से गुजर रहा था। इसी दौरान घोड़ागांव के पास सामने से आ रही कार अनियंत्रित होकर काफिले के वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद कार फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी। दुर्घटना में वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।

चार जवान और चालक घायल
हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिसकर्मी और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वन मंत्री केदार कश्यप भी जिला अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल जवानों एवं चालक का हाल जाना। कोंडागांव विधायक लता उसेंडी और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।