बढ़ी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर का विरोध, कोलेंग मंडल में भाजपा सरकार का पुतला दहन

0 स्मार्ट मीटर, बिज बिल बढ़ोत्तरी पर तुरंत लगे रोक : सुशील मौर्य
जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य व पूर्व विधायक रेखचंद जैन की उपस्थिति में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा ब्लॉक की अगुवाई में आज कोलेंग मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जबरन थोपे जा रहे स्मार्ट मीटर के खिलाफ व बिजली बिल बढ़ोत्तरी पर रोक व 400यूनिट बिजली बिल हाफ योजना की पुनः बहाली की मांग को लेकर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
इस दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को लेकर आम जनता में भारी आक्रोश है। भाजपा सरकार को जनता की परेशानियों और आर्थिक बोझ को समझते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता को महंगा करने से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों पर सीधा आर्थिक प्रभाव पड़ रहा है। सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के हितों और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। सरकार को बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जनता की मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध तरीके से व्यापक जन आंदोलन करेगी।

जनता की सुने सरकार: जैन
इस अवसर पर पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए। बिजली बिलों में बढ़ोत्तरी और स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेशभर में उपभोक्ताओं के बीच असंतोष है। श्री जैन ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना जैसी जनहितकारी योजनाएं संचालित की गई थीं, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जनता को महंगे बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि सरकार को जनविरोधी निर्णयों पर पुनर्विचार करते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगानी चाहिए तथा बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ कांग्रेस पार्टी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। बैठक में दरभा ब्लॉक अध्यक्ष महादेव नाग, महामंत्री अल्ताफ उल्ला खान, मंडल अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर, विजय प्रकाश दास, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरभा व मंडल के समस्त पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।