स्कूल बस ने 3 साल के मासूम को कुचला, मौके पर मौत; हादसे के बाद चालक-कंडक्टर फरार

बेमेतरा। जिले के खंडसरा चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि DAV स्कूल जांता की बस ने बंसापुर-सेमरिया गांव के पास बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही खंडसरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस फरार बस चालक और कंडक्टर की तलाश में जुटी है। वहीं, हादसे के बाद स्कूल बस की भी जांच की जा रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।