बालोद। जिले के डौंडी नगर पंचायत में शनिवार सुबह सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर दो सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया। घटना में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, डौंडी थाना क्षेत्र के बाजार चौक में सुबह सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी और सफाई कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गिरवर ने कथित तौर पर टंगिया से रम्हू भुआर्य (50) और प्रेमलाल भुआर्य (45) पर हमला कर दिया।
हमले में दोनों कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को डौंडी CHC पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल विवाद की असल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।