कमरे में दुपट्टे से फांसी… नवविवाहिता की मौत पर उठे सवाल

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी रवीना यादव के रूप में हुई है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी विपुल यादव से हुई थी। मायके पक्ष ने रवीना की मौत के पीछे पति के कथित विवाहेतर संबंध को वजह बताया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

परिजनों के मुताबिक, 14 अगस्त की रात रवीना और उसका पति घर पर थे। इसी दौरान एक महिला के वहां पहुंचने की बात सामने आई, जिसे परिजन कथित तौर पर पति की प्रेमिका बता रहे हैं। इसको लेकर रवीना और उसके पति के बीच विवाद होने का दावा किया गया है।

रवीना के मामा साहब लाल यादव का आरोप है कि विवाद के बाद पति ने रवीना को कमरे में बंद कर दिया और कथित प्रेमिका के साथ बाहर चला गया। इसके बाद रवीना ने पति से संपर्क करने का प्रयास किया। परिजनों का दावा है कि रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच उसने पति को लगभग 17 बार फोन किया, लेकिन किसी कॉल का जवाब नहीं मिला।

परिवार की ओर से यह भी बताया गया कि रात करीब 8:30 बजे रवीना ने कथित महिला से करीब 15 मिनट तक फोन पर बातचीत की थी। परिजनों का कहना है कि बातचीत के दौरान रवीना काफी तनाव में थी और उसने खुद को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें कही थीं। हालांकि, इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

इसके बाद रवीना ने कथित तौर पर कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

नवविवाहिता की मौत होने के कारण नियमानुसार महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कराई गई। उतई पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद जौनपुर से रवीना के परिजन दुर्ग पहुंचे। 16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पिता लल्लन यादव सहित मायके के परिजन शव को लेकर जौनपुर रवाना हो गए।

फिलहाल पुलिस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और कथित प्रेम संबंध से जुड़े आरोपों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले वास्तव में क्या परिस्थितियां बनी थीं।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही रवीना की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में किसी भी आरोप को अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा रहा है।