सरगुजा। जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा के परसापारा में एक किसान दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। दोनों के शव घर के एक बंद कमरे में खून से सने बोरों के अंदर मिले। मृतकों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात में दंपती के बड़े बेटे की भूमिका हो सकती है, जो घटना के बाद से फरार है।
मृतकों की पहचान हीराधर यादव (55) और उनकी पत्नी गुलाबी यादव (50) के रूप में हुई है। हीराधर गांव के बड़े किसानों में बताए जा रहे हैं। दोनों अपने बड़े बेटे जदू यादव (34) के साथ पुराने मकान में रहते थे। उनका छोटा बेटा मोहन अपने परिवार के साथ गांव में ही अलग मकान में रहता है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मोहन दूध लेने अपने माता-पिता के घर पहुंचा। घर के दोनों दरवाजे बाहर से बंद थे। काफी तलाश के बाद भी जब माता-पिता और बड़े भाई का पता नहीं चला तो उसने घर में काम करने वाले सुकृत नागेश के साथ अंदर जाकर तलाश शुरू की।
इसी दौरान एक कमरे का दरवाजा बंद मिला। ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश करने पर दोनों को दंपती के शव बोरों में बंधे हुए मिले। कमरे में खून भी फैला हुआ था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस के साथ एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी मौके पर पहुंचे। अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल की जांच और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बताया कि दोनों के सिर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान हैं।
पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शवों को बोरों में बांधकर कमरे में छिपाने का प्रयास किया गया। हालांकि हत्या का वास्तविक कारण और घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
बड़ा बेटा घटना के बाद से लापता
वारदात के बाद से मृतक दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव गायब है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। रिश्तेदारों के घरों के अलावा आसपास के जंगलों में भी उसकी तलाश की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, जदू अविवाहित है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। वह लंबे समय से अपने माता-पिता के साथ ही रह रहा था। पुलिस फिलहाल इस पहलू समेत सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी के मुताबिक, फरार संदेही की तलाश जारी है और उसके पकड़े जाने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।