रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुढ़ियारी पुलिस ने रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर एक युवक को गांजे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 16 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8.10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर स्थित पार्किंग में एक युवक संदिग्ध हालत में बैग लेकर खड़ा है। उसके पास गांजा होने की आशंका जताई गई थी और वह किसी स्थान पर जाने की तैयारी में था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर उसे घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम गोलू सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम सुन्दरदेही, थाना बेलखेड़ा, जिला जबलपुर, मध्यप्रदेश बताया।
इसके बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग के अंदर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 16 किलोग्राम निकली। पुलिस ने गांजे के साथ आरोपी के पास मौजूद मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के मध्यप्रदेश निवासी होने की जानकारी सामने आई है, जिसके चलते पुलिस इस मामले को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी से जोड़कर भी जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजे की खेप कहां से लेकर आया था और इसे रायपुर में किसे सप्लाई किया जाना था।
गुढ़ियारी पुलिस ने बरामद गांजे और मोबाइल को जब्ती में लेकर आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।