सेंध लेक पर स्टंटबाजों पर पुलिस का शिकंजा, तीन दर्जन से ज्यादा दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नया रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी कर बाइक स्टंट करने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ मंदिर हसौद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीन दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 59 वाहनों के ई-चालान काटे गए।

पुलिस के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेंध लेक और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी गई थी। इसी दौरान पुलिस को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश मिले।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मंदिर हसौद पुलिस ने सेंध लेक और बिल्डिंग के पास विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाया। यहां से गुजरने वाले दोपहिया और अन्य वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते मिले।

पुलिस की कार्रवाई में सबसे ज्यादा मामले दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने, तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से बाइक चलाने तथा सड़क पर स्टंट करने से जुड़े सामने आए। कुछ वाहन चालक ऐसे भी मिले, जो खुद की जान के साथ-साथ सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे थे। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को मौके पर रोककर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।

इसके अलावा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया। ऐसे मामलों में संबंधित बच्चों के अभिभावकों को मौके पर बुलाकर समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति देना उनके साथ-साथ अन्य राहगीरों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है।

सेंध लेक के आसपास पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 59 वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करें, ताकि सड़क पर जाम और दुर्घटना की स्थिति न बने।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित संख्या से अधिक सवारी नहीं बैठाने और सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी तरह का स्टंट नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

मंदिर हसौद पुलिस के इस अभियान से सेंध लेक क्षेत्र में लापरवाही से वाहन चलाने और स्टंट करने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।