22 वर्षीय युवती ने उठाया आत्मघाती कदम, घर में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

कोरिया(ईएमएस)। चरचा कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक 22 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है। युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान पायल कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कॉपरेटिव लाइन, वार्ड नंबर 09 स्थित अपने घर में रहती थी। रविवार सुबह करीब 4 बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चरचा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

पुलिस के मुताबिक, युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से पहले युवती की किसी से बातचीत, विवाद या अन्य परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की सहायता ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और युवती की मौत के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।