घर के सामने खड़ी बाइक चोरी, आरोपी गिरफ्तार; चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

जगदलपुर। बस्तर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बजाज मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अजय कुमार सक्सेना (26 वर्ष), निवासी धरमपुरा-01, विकास नगर के रूप में हुई है।

घर के बाहर खड़ी बाइक हुई चोरी

मामले में प्रार्थी पीलासिंह नाग निवासी कुड़कानार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी बजाज मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी और सोने चला गया। सुबह उठने पर बाइक मौके से गायब मिली। शिकायत के आधार पर बस्तर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी पकड़ा गया

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी अजय कुमार सक्सेना के संबंध में सूचना मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बजाज मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।